Published 08:06 IST, August 30th 2024

PM मोदी का महाराष्ट्र दौरा आज, करोड़ों की परियोजना का करेंगे शिलान्यास, बंदरगाह की रखेंगे आधारशिला

प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को महाराष्ट्र दौरे पर रहेंगे। पीएम पालघर में लगभग 76,000 करोड़ रुपये की लागत वाली वधावन बंदरगाह परियोजना की आधारशिला रखेंगे।

undefined | Image: undefined
Advertisement

प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को महाराष्ट्र दौरे पर रहेंगे। पीएम पालघर में लगभग 76,000 करोड़ रुपये की लागत वाली वधावन बंदरगाह परियोजना की आधारशिला रखेंगे। इसके साथ ही PM मोदी 1,560 करोड़ रुपये की 218 मत्स्य पालन परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे और मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2024 को भी संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने गुरुवार को बताया कि पीएम मोदी महाराष्ट्र दौरे पर सबसे पहले मुंबई में जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (जीएफएफ) 2024 को संबोधित करेंगे।  इसका आयोजन पेमेंट्स काउंसिल ऑफ इंडिया, नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया और फिनटेक कन्वर्जेंस काउंसिल द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। इसके बाद, वह लगभग 1:30 बजे पालघर के सिडको ग्राउंड में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे, जिनमें वधावन बंदरगाह की आधारशिला प्रमुख है। इस परियोजना की कुल लागत लगभग 76,000 करोड़ रुपये है।

Advertisement

PM मोदी वधावन बंदरगाह की रखेंगे आधारशिला

वधावन बंदरगाह का मुख्य उद्देश्य विश्वस्तरीय समुद्री प्रवेश द्वार स्थापित करना है जो देश के व्यापार और आर्थिक विकास को बढ़ावा देगा।पालघर जिले के दहानु शहर के पास स्थित वधावन बंदरगाह भारत में गहरे पानी में स्थित सबसे बड़े बंदरगाहों में से एक होगा और अंतरराष्ट्रीय समुद्री परिवहन के लिए सीधा संपर्क प्रदान करेगा, समय की बचत करेगा और लागत को भी कम करेगा। यह बंदरगाह अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी और बुनियादी ढांचे से लैस होगा और वहां की प्रबंधन प्रणाली भी आधुनिक होगी।

करोड़ों की परियोजना का करेंगे शिलान्यास

इसके बाद पीएम मोदी 1,560 करोड़ रुपये की 218 मत्स्य पालन परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। इनका उद्देश्य इस क्षेत्र के बुनियादी ढांचे और उत्पादकता को बढ़ावा देना है तथा इन पहलों से मत्स्य पालन क्षेत्र में पांच लाख से अधिक रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

Advertisement

प्रधानमंत्री लगभग 360 करोड़ रुपये की लागत से, मछली पकड़ने वाले जहाजों के लिए संचार, सहायता प्रणाली की भी शुरुआत करेंगे। पीएमओ ने कहा कि इस परियोजना के तहत, 13 तटीय राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मछली पकड़ने वाली मशीनीकृत और मोटर चालित नौकाओं पर चरणबद्ध तरीके से 1 लाख ट्रांसपोंडर स्थापित किए जाएंगे।

महाराष्ट्र के लोगों के बीच जाने के लिए बेसब्री से इंतजार-PM

महाराष्ट्र दौरे को लेकर पीएम मोदी ने ट्वीट करके भी जानकारी दी है। उन्होंने ट्वीट करके लिखा, मैं कल, 30 अगस्त को महाराष्ट्र के लोगों के बीच होने का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं। मैं मुंबई और पालघर में कार्यक्रमों में हिस्सा लूंगा। मुंबई में मैं सुबह करीब 11 बजे ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2024 में हिस्सा लूंगा। यह मंच फिनटेक की दुनिया में भारत की प्रगति को प्रदर्शित करता है और इस क्षेत्र के प्रमुख हितधारकों को एक साथ लाता है। इसके बाद, मैं वधवन बंदरगाह परियोजना के शिलान्यास कार्यक्रम के लिए पालघर में रहूंगा। यह एक बहुत ही महत्वपूर्ण परियोजना है, जो बंदरगाह आधारित विकास और महाराष्ट्र की प्रगति के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Advertisement

यह भी पढ़ें: हरियाणा: 55 सीटों पर नाम तय, राव इंद्रजीत की बेटी को मिल सकता है टिकट
 

08:06 IST, August 30th 2024