अपडेटेड 27 July 2024 at 23:29 IST

IND vs SL: श्रीलंका में भारत का डंका... सूर्य की टोली ने भारत की झोली में डाली जीत

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने पहले T20 मैच में श्रीलंका को 43 रन से हरा दिया है। भारत की ओर से गेंदबाजी और बल्लेबाजी, दोनों जबरदस्त रहे।

Follow : Google News Icon  
team india won first t20i against sri lanka
भारत ने पहले T20 में श्रीलंका को हराया | Image: BCCI

IND vs SL: गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) की कोचिंग और सूर्यकुमार यादव (Surya Kumar Yadav) की कप्तानी में भारत (India) ने श्रीलंका (Sri Lanka) के खिलाफ T20 सीरीज की शानदार शुरुआत की है। भारत (India) ने श्रीलंका (Sri Lanka) को पहले T20 मैच में रौंद दिया है। सूर्य (Surya) की टोली ने जबरदस्त प्रदर्शन के दम पर भारत की झोली में जीत डाली है।  

भारत और श्रीलंका के बीच पल्लेकेल में पहला T20 मैच खेला गया है। मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 43 रन से हराया। इसी के साथ भारत ने 3 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। भारत की ओर से विस्फोटक बल्लेबाजी और घातक गेंदबाजी देखने को मिली। 

मेजबान श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया और भारतीय बल्लेबाजों ने इस मौके को बखूबी भुनाया। सलामी बल्लेबाजों शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए टीम को शानदार शुरुआत दी, जिसके दम पर भारत ने 20 ओवर में 213 रन का दमदार स्कोर बनाया। शुभमन और यशस्वी ने पहले विकेट के लिए 74 रन जोड़े। जायसवाल ने जहां 21 गेंदों पर 5 चौकों और 2 छक्कों के दम पर 40, वहीं शुभमन ने 16 गेंदों पर 6 चौकों और 1 चौके की बदौलत 34 रन बनाए।  

सूर्यकुमार ने जड़ी तूफानी फिफ्टी

Advertisement

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने युवा सलामी बल्लेबाजों की ओर से मिली धाकड़ शुरुआत को जाया नहीं जाने दिया और आते ही आक्रामक अंदाज दिखाया। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे मिस्टर 360 सूर्यकुमार ने 22 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा और 26 गेंदों पर 8 चौकों और 2 छक्कों के दम पर कुल 58 रन बनाए। इसके अलावा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने भी 33 गेंदों पर 49 रन बनाए, लेकिन सूर्यकुमार के विस्फोटक अर्धशतक के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। 

इस हाई स्कोरिंग मैच में श्रीलंका की शुरुआत भी जबरदस्त रही। यहां तक कि एक समय पर श्रीलंका ये मैच जीतता हुआ नजर आ रहा था, क्योंकि उसके ओपनर पथुम निसांका और कुसल मेंडिल खतरनाक नजर आ रहे थे। दोनों ने शुरुआत में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और भारतीय गेंदबाजों को सेटल नहीं होने दिया। 84 रन पर कुसल तो आउट हो गए, लेकिन निसांका एक छोर से अटैक करते रहे, लेकिन 140 के स्कोर पर उनके आउट होने के बाद भारत ने मैच में वापसी की। निसांका ने 48 गेंदों पर 79, जबकि मेंडिस ने 27 गेंदों पर 45 रन बनाए। उसके अलावा कोई बल्लेबाज प्रभावी नहीं दिखा और श्रीलंका 19.2 ओवर में 170 रन पर ऑलआउट हो गया। 

Advertisement

भारत की तरफ से पार्ट टाइम बॉलर रियान पराग ने सर्वाधिक 3 विकेट लिए और वो भी 1.2 ओवर में। अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल ने 2-2, जबकि रवि बिश्नोई ने एक विकेट लिया। 

ये भी पढ़ें- IND vs SL के बीच पहले T20 मैच में दिखा अजूबा, गेंदबाज ने एक ही ओवर में दोनों हाथ से की बॉलिंग

Published By : DINESH BEDI

पब्लिश्ड 27 July 2024 at 22:54 IST