अपडेटेड 20 December 2024 at 21:25 IST
MP: दमोह में अंबेडकर की मूर्ति खंडित होने पर फूटा लोगों का गुस्सा, तनाव के बाद भारी फोर्स तैनात
मध्य प्रदेश के दमोह में बीआर अंबेडकर की मूर्ति खंडित होने को लेकर लोगों का गुस्सा फूटा है। इलाके में तनाव के बाद भारी फोर्स तैनात करनी की गई।
- भारत
- 3 min read

मध्य प्रदेश के दमोह से इस वक्त की बड़ी खबर है, जहां पटेरा पुलिस थाने के तहत आने वाले कोटा गांव में असामाजिक तत्वों ने बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा को खंडित कर दिया। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में आक्रोश है। दरअसल, कोटा के पंचायत भवन के बाहर बाबा साहब की आदमकद मूर्ति इसी साल लगाई गई थी। आज सुबह जब लोगों ने मूर्ति को देखा तो उसका एक हाथ क्षतिग्रस्त था।
अनुमान लगाया जा रहा है कि रात के वक्त आसामाजिक तत्वों ने इस हरकत को अंजाम दिया है। सुबह से ही पंचायत भवन के बाहर लोगों का जमावड़ा शुरू हो गया और पटेरा पुलिस को इसकी सूचना दी गई और पटेरा पुलिस ने मौके पर मोर्चा संभाला है। हालातों के मद्देनजर दमोह और आसपास से पुलिस बल कोटा गांव भेजा गया है और इलाका छावनी में तब्दील हो गया है।
पटेरा थाने में FIR दर्ज
जिले के एसपी श्रुत कीर्ति सोमवंशी के मुताबिक देर रात आसामाजिक तत्वों के द्वारा मूर्ति को नुकसान पहुंचाया गया है, जिसे लेकर पटेरा थाने में FIR दर्ज की जा रही है। वहीं प्रशासन जल्दी ही प्रतिमा को दुरुस्त कराएगा। एसपी ने लोगो से शांति की अपील भी की है। वहीं दूसरी ओर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस पर अंबेडकर की विरासत की अनदेखी का आरोप लगाया।
सीएम मोहन ने कांग्रेस पर लगाया आरोप
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार को कांग्रेस पर संविधान निर्माता डॉ. बी.आर. अंबेडकर की विरासत की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों में हार के बाद से खिसियाई कांग्रेस सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर साजिशन झूठे इल्जाम मढ़ रही है। उन्होंने आंबेडकर को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की हालिया टिप्पणी पर जारी विवाद की पृष्ठभूमि में यह बात कही।
Advertisement
सीएम यादव ने इंदौर में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में अंबेडकर की जन्मस्थली महू में आंबेडकर की विरासत को संजोने के लिए कुछ भी नहीं किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा की सरकार ने अंबेडकर को सदैव सम्मान दिया और महू से लेकर नागपुर, मुंबई और ब्रिटेन तक संविधान निर्माता की विरासत से जुड़े स्थानों को तीर्थ का स्वरूप प्रदान किया।
उन्होंने कहा,‘‘अंबेडकर ने समाज के गरीब, आदिवासी, वंचित और पिछड़े वर्गों को आगे लाने का काम किया और संविधान की रचना करके देश के लिए महत्वपूर्ण योगदान किया। ऐसे आंबेडकर का क्या हम अपमान कर सकते हैं?’’ उन्होंने आरोप लगाया कि 'लोकसभा चुनावों में हार के बाद कांग्रेस, भाजपा के विरुद्ध हर रोज नये षड़यंत्र रच रही है और कभी संविधान, तो कभी आंबेडकर के नाम पर सत्तारूढ़ दल के खिलाफ झूठे आरोप मढ़े जा रहे हैं। जनता सब जानती है। नरेंद्र मोदी की सरकार अंगद के पांव वाली सरकार है। यह सरकार न तो किसी के बाप से हिलने वाली है, न ही हटने वाली है।"
Advertisement
उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, उनकी मां सोनिया गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी वाद्रा को चुनौती देते हुए कहा,‘‘ये सब एक साथ भी सामने आ जाएं, तब भी मोदी सरकार पर कोई आंच नहीं आने वाली है।’’
Published By : Kanak Kumari Jha
पब्लिश्ड 20 December 2024 at 21:25 IST