अपडेटेड 30 July 2024 at 22:03 IST
दिल्ली: 320 इलेक्ट्रिक बसें उतरी सड़कों पर, उपराज्यपाल सक्सेना ने दिखाई हरी झंडी
सक्सेना ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी के परिवहन बेड़े में इन बसों के शामिल होने से प्रदूषण के खिलाफ दिल्ली की लड़ाई को मजबूती मिलेगी।
- भारत
- 2 min read

दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने मंगलवार को 320 नयी इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। इसके साथ ही, राष्ट्रीय राजधानी में ऐसी बसों की कुल संख्या बढ़कर 1,970 हो गई है। सक्सेना ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी के परिवहन बेड़े में इन बसों के शामिल होने से प्रदूषण के खिलाफ दिल्ली की लड़ाई को मजबूती मिलेगी। दिल्ली के उपराज्यपाल ने बांसेरा में एक कार्यक्रम में कहा, “हमने 320 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई है। इससे दिल्ली के लोगों को राहत मिलेगी। आने वाले समय में इस तरह की और बसें परिचालित करने की योजना है। मुझे लगता है कि अगर दिल्ली में प्रदूषण को कम करना है तो सार्वजनिक परिवहन को मजबूत बनाने की जरूरत है और यह इसी दिशा में एक कदम है।”
उपराज्यपाल ने कहा...
उपराज्यपाल ने कहा, “हमारा प्रयास होगा कि केंद्र और दिल्ली सरकार इसे आगे बढ़ाए। दोनों सरकारें इसपर साथ मिलकर काम कर रही हैं।” कार्यक्रम में मौजूद दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी देश में अब ऐसा पहला और दुनिया में तीसरा शहर बन चुकी है, जहां इलेक्ट्रिक बसों की संख्या सबसे ज्यादा है। गहलोत ने बाद में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के बेड़े में कुल 7,683 बसें हैं, जिनमें 1,970 इलेक्ट्रिक बसें और बाकी सीएनजी बसें शामिल हैं।
उन्होंने कहा, “ डीटीसी के बेड़े में बसों की यह सबसे बड़ी संख्या है। यहां तक कि राष्ट्रमंडल खेलों के समय भी बेड़े में करीब 5,500 बसें थीं। यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।” मंत्री ने कहा कि नयी बसों का रखरखाव सुखदेव विहार, कालकाजी और नारायणा बस डिपो में किया जाएगा।
Advertisement
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Garima Garg
पब्लिश्ड 30 July 2024 at 22:03 IST