अपडेटेड 3 January 2025 at 20:51 IST
दिल्ली: पैरोल पर जेल से बाहर आने के बाद दो साल से फरार दोषी गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने पैरोल पर जेल से बाहर आने के बाद दो साल से फरार 45 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उसे दहेज हत्या और क्रूरता के मामले में आजीवन कारावास की सजा स
- भारत
- 1 min read

दिल्ली पुलिस ने पैरोल पर जेल से बाहर आने के बाद दो साल से फरार 45 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसे दहेज हत्या और क्रूरता के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आरोपी राजीव वर्मा पैरोल की अवधि को पार कर दो साल से अधिक समय से फरार था और उसे हिमाचल प्रदेश के कुल्लू से गिरफ्तार किया गया, जहां वह किसी और महिला के साथ रह रहा था।
पुलिस उपायुक्त (द्वारका) अंकित सिंह ने कहा, ‘‘वर्मा को 2003 में दहेज हत्या के एक मामले में दोषी करार दिया गया था, उसके खिलाफ मामला न्यू उस्मानपुर पुलिस थाने में दर्ज किया गया था। दिल्ली उच्च न्यायालय ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी, लेकिन वह 2021 में पैरोल पर जेल से बाहर आने के बाद, फरार हो गया।’’
अधिकारी ने बताया कि पुलिस को 24 दिसंबर को दोषी के बारे में सूचना मिली और एक टीम ने उसे कुल्लू से गिरफ्तार कर लिया।
Advertisement
सत्यापन के बाद आरोपी की पहचान राजीव वर्मा के रूप में हुई।
Published By : Kanak Kumari Jha
पब्लिश्ड 3 January 2025 at 20:51 IST