अपडेटेड 28 December 2023 at 13:58 IST
जब विजयकांत ने अपनी जीत से तमिलनाडु की सियासत में ला दिया था भूचाल, ऐसा रहा राजनीतिक सफर
Actor and DMDK Chief Vijaykanth Dies: एक्टर से नेता बने विजयकांत ने गुरुवार को अंतिम सास ली।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read

एक्टर से डीएमडीके के चीफ बने विजयकांत का निधन | Image:
X
Actor and DMDK Chief Vijaykanth Dies: गुरुवार को तमिल फिल्मों के सुपरस्टार से नेता बने कैप्टन विजयकांत (Vijaykanth) का निधन हो गया। बीते दिनों विजयकांत कोरोना पॉजिटिव (Covid Positive) पाए गए थे। जिसके बाद से उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। इलाज के लिए उन्हें चेन्नई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उन्होंने 71 साल की उम्र में अंतिम सांस ली।
स्टोरी में आगे पढ़ें…
- कैप्टन विजयकांत का निधन
- अभिनेता से नेता बने थे विजयकांत
- राजनीति में ला दिया था भूचाल
विजयकांत के चाहने वाले उनके निधन की खबर से शोक में हैं। वहीं, विजयकांत ने अपने जीवन में जहां साउथ फिल्मों में कई दमदार किरदार निभाए। वहीं, राजनीतिक गलियारों में भी उन्होंने अपनी एक अलग पहचान बनाई। आइए एक नजर डालते हैं विजयकांत के फिल्मी सफर से लेकर उनके राजनीतिक करियर पर।
विजयकांत से जुड़ी अहम जानकारियां
- एक्टर से नेता बने विजयकांत का जन्म साल 1952 में मदुरै में हुआ था। विजयकांत का असली नाम नारायणन विजयराज अलगरस्वामी था। हालांकि उन्होंने अपने फिल्मी करियर के दौरान विजयराज से 'राज' हटाकर 'कांत' जोड़ लिया। जिसके बाद से उन्हें विजयकांत के नाम से जाना जाने लगा था।
- विजयकांत साउथ के उन एक्टर्स की लिस्ट में शुमार हैं, जिन्होंने कभी हिंदी फिल्मों में काम नहीं किया। बावजूद इसके वह साउथ सिनेमा में अपना नाम बनाने में कामयाब रहे।
- विजयकांत को कैप्टन विजयकांत भी कहा जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि उन्हें 'कैप्टन' क्यों बुलाया जाता है? दरअसल, उनको ये नाम साल 1991 की फिल्म 'कैप्टन प्रभाकरन' में उनके किरदार से हासिल हुआ था। उन्होंने इस फिल्म में एक वन अधिकारी की भूमिका में अपनी कमाल की एक्टिंग स्किल से हर किसी का दिल जीत लिया था।
- एक्टिंग की दुनिया में खूब नाम कमाने के बाद विजयकांत ने राजनीतिक गलियारों में कदम रखा। विजयकांत ने साल 2005 में अपनी पार्टी डीएमडीके (DMDK) की स्थापना की थी।
- साल 2006 के विधानसभा चुनावों में पार्टी की पहली चुनावी परीक्षा में सिर्फ विजयकांत को ही जीत हासिल हुई थी। उनकी इस जीत ने हर तरफ तूफान ला दिया था।
- इसके बाद विजयकांत साल 2011 से 2016 तक तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के मुख्य नेता भी रहे थे।
- साल 2011 का तमिलनाडु चुनाव में विजयकांत ने एआईएडीएमके के साथ गठबंधन कर 41 सीटों पर चुनाव लड़ा था। इस दौरान पार्टी 29 सीटें जीतने में कामयाब रही थी।
- हालांकि विजयकांत और उनकी पार्टी डीएमडीके 2016 के चुनाव और 2019 के लोकसभा चुनावों में सफल नहीं हो सकी। जिसके बाद वह पिछले कुछ सालों से बीमार रहने की वजह से राजनीति में एक्टिव नहीं रह सके और फिर उनकी पत्नी प्रेमलता ने पार्टी की बागडोर संभाली।
- बहरहाल, विजयकांत ने अपने फिल्मी करियर में 154 तमिल फिल्मों में काम किया और उनकी कई मूवीज को तेलुगु और हिंदी भाषा में डब किया गया। वहीं, गुरुवार को उन्होंने इस दुनिया को अलविद कह दिया।
Published By : Sujeet Kumar
पब्लिश्ड 28 December 2023 at 13:29 IST