अपडेटेड 12 May 2024 at 19:53 IST
Raebareli: सपा के बागी विधायक मनोज पांडेय से मिले अमित शाह, बढ़ाएंगे राहुल गांधी की टेंशन?
Raebareli: जनसभा को संबोधित करने के बाद गृह मंत्री सीधा मनोज पांडेय के घर पहुंच गए। दोनों नेताओं के बीच बंद कमरे में करीब आंधे घंटे तक मुलाकात हुई।
- चुनाव न्यूज़
- 3 min read
Lok Sabha Election 2024: रायबरेली की चुनावी जंग इस बार दिलचस्प मोड़ ले रही हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अमेठी छोड़ रायबरेली से मैदान में उतरने का फैसला लिया। वहीं, उन्हें टक्कर देने के लिए BJP ने दिनेश प्रताप सिंह को मैदान में उतारा है।
इस बीच गृह मंत्री अमित शाह आज रायबरेली पहुंचे थे। इस दौरान उनकी मुलाकात समाजवादी पार्टी के बागी विधायक मनोज पांडेय से हुई। रविवार (12 मई) को जनसभा को संबोधित करने के बाद गृह मंत्री सीधा मनोज पांडेय के घर पहुंच गए। दोनों नेताओं के बीच बंद कमरे में करीब आंधे घंटे तक मुलाकात हुई।
मनोज पांडेय ने की अमित शाह की तारीफ
वहीं इस मुलाकात के बाद सपा के बागी विधायक मनोज पांडेय गृह मंत्री अमित शाह की काफी तारीफ भी करते नजर आए। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री ने देश का सिर सम्मान से ऊंचा करने किया है।
मनोज पांडेय ने कहा कि भारत को नया भारत बनाने का काम किया। कोरोना में दुनिया के देशों ने घुटने टेक दिए थे, तब प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री देश की जनता के साथ खड़े रहे। दुनिया के लोगों को भी वैक्सीन देने का काम किया। आज भारत एकरूपत में खड़ा हुआ है। भारत विरोधी मुल्कों को जवाब दे सकता है। दुनिया के सामने भारत ऐसी स्थिति में खड़ा हुआ है कि जो देश हमें आंख दिखाते थे, वो त्राहिमाम कह रहे हैं।
Advertisement
'सम्मान देने के लिए आए थे...'
उन्होंने कहा कि भारत के गृह मंत्री हमें सम्मान देने के लिए घर आए थे। दिल की गहराई से उन्हें इसके लिए आभार प्रकट करता हूं। उन्होंने आकर हमारा मान-सम्मान बढ़ाया है। मनोज पांडेय ने आगे कहा कि जो लोग टुकड़ों में भारत को बांटने चाहते थे, उनसे बचाने का काम गृह मंत्री ने किया है। मैं सच के साथ खड़ा रहूंगा। आज भारत को मोदी जी, अमित शाह और यूपी को योगी जी की जरूरत है। इन्होंने देश और प्रदेश का सम्मान बढ़ाने का काम किया। जब लोग परिवारों में बंटे हुए थे तब देश को परिवार कहने का काम प्रधानमंत्री मोदी ने किया।
बता दें कि मनोज पांडेय के साथ मुलाकात के दौरान अमित शाह के साथ रायबरेली से BJP प्रत्याशी दिनेश प्रताप सिंह भी मौजूद रहे। इस दौरान पांडेय ने अमित शाह को बुके देकर उनका स्वागत किया और पैर छूकर आशीर्वाद लिया। माना जा रहा है कि इनके बीच यह मुलाकात लोकसभा चुनावों को लेकर हुई थीं।
Advertisement
राज्यसभा चुनाव में की थी क्रॉस वोटिंग
मनोज पांडेय की गिनती एक समय तक सपा के कद्दावर नेताओं में होती थीं। वहीं, राज्यसभा चुनाव से पहले ही उन्होंने पार्टी के मुख्य सचेतक के पद से इस्तीफा दे दिया था। चुनाव के दौरान उन्होंने क्रॉस वोटिंग भी की थी। राज्यसभा चुनाव में उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी को वोट दे दिया था।
मनोज पांडेय ऊंचाहार विधानसभा सीट से सपा के टिकट पर लगातार तीन बार से निर्वाचित हो रहे हैं। माना जा रहा है कि वह लोकसभा चुनाव के दौरान बीजेपी को सपोर्ट कर सकते हैं। ऐसा होता है तो कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। इस सीट से इस बार राहुल चुनावी मैदान में हैं।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 12 May 2024 at 19:24 IST