अपडेटेड 18:53 IST, January 30th 2025
अरविंद केजरीवाल ने इन 4 नेताओं को भेजी पानी की बोतलें, राहुल गांधी को भी दिया चैलेंज- इसे पीकर दिखाएं...
केजरीवाल ने कहा कि ये 7 पीपीएम अमोनिया का पानी है और इसमें क्लोरिन मिक्स किया है। उन्होंने इन बोतलों को 4 नेताओं के घर भेजने की बात कही।

Delhi Election 2025: दिल्ली में चुनाव के बीच यमुना के पानी में 'जहर' के मुद्दे पर सियासत थमने का नाम नहीं ले रही। इसको लेकर दिल्ली और हरियाणा की सरकार आमने-सामने हैं। आतिशी ने चैलेंज दिया तो हरियाणा के मुख्यमंत्री ने यमुना का पानी पीकर भी दिखा गया। इसके बावजूद ये मुद्दा लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। अब दिल्ली के पूर्व CM अरविंद केजरीवाल ने पानी के बोतलें 4 नेताओं को भेजने और उसे पीने की चुनौती दी है।
आज (30 जनवरी) को अरविंद केजरीवाल जब प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए आए, तो अपने साथ 4 बोतलें लेकर आए। उन्होंने बताया कि ये 7 पीपीएम अमोनिया का पानी है और इसमें क्लोरिन मिक्स किया है। केजरीवाल ने इन बोतलों को 4 नेताओं के घर भेजने की बात कही।
अरविंद केजरीवाल ने इन 4 नेताओं के लिए भेजी बोतलें
प्रेस कॉन्फ्रेंस में AAP प्रमुख ने पानी की बोतलें दिखाते हुए कहा, “ये 7 PPM अमोनिया का पानी हैं और इसमें क्लोरिन मिक्स कर दिया गया है। ये जो कह रहे हैं BJP और कांग्रेस वाले, दोनों मिलकर दिल्ली के लोगों की जान और सेहत के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। आज संजय सिंह AAP नेताओं के साथ निकलेंगे और ये बोतलें हम BJP हेडक्वार्टर में अमित शाह के लिए भेज रहे हैं। दूसरी बोतल वीरेंद्र सचदेवा और तीसरी बोतल नायब सिंह सैनी के लिए भेज रहे हैं। केजरीवाल ने चौथी बोतल उठाते हुए कहा कि ये बोतल हम राहुल गांधी के लिए भेज रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि चारों लोग प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये बोतल पीकर दिखा दें। हम मान जाएंगे कि हमने गलत बोला था। अगर इनके अंदर हिम्मत हैं। यह कह रहे हैं सच्चाई इनके साथ हैं, तो पीकर दिखाएं इसे।
CM सैनी पर साधा निशाना
केजरीवाल ने कहा कि कल नायब सैनी जी ने नौटंकी की और वो इसमें खुद ही फंस गए। इसके बाद उन्होंने एक वीडियो दिखाया और कहा कि उन्होंने (CM सैनी) पानी पिया और फिर फेंक दिया। इस पानी में या तो इतनी ज्यादा बदबू थी या फिर जैसे फेंका ऐसे लग रहा है कि उल्टी आ गई इनको।
'जल' और 'जहर' पर गरमाई सियासत
गौरतलब है कि दिल्ली में चुनाव के बीच अरविंद केजरीवाल ने यह कहकर नया विवाद खड़ा कर दिया कि हरियाणा सरकार जहर मिला हुआ पानी दिल्ली भेज रही है। उनके इस बयान के बाद BJP नेताओं की ओर से जवाब दिया गया। खुद PM मोदी ने दिल्ली की रैली में केजरीवाल के इन आरोपों पर पलटवार किया। PM ने कहा कि वह 11 सालों से वही पानी पी रहा हूं। क्या कोई ये सोच सकता है कि मोदी को जहर देने के लिए हरियाणा की सरकार ने पानी में जहर डाल दिया?
AAP और केजरीवाल के इन आरोपों पर हरियाणा की BJP सरकार भी हमलावर हैं। बीते दिन ही बुधवार (29 जनवरी) को CM नायब सिंह सैनी पल्ला घाट गए और यमुना नदी का पानी पीया।
पब्लिश्ड 18:53 IST, January 30th 2025