अपडेटेड 7 June 2025 at 18:53 IST

BREAKING: छुट्टियां मनाने शिमला आईं कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की बिगड़ी तबीयत, IGMC अस्पताल में भर्ती

शिमला पहुंची सोनिया गांधी की शनिवार को अचानक स्वास्थ्य में गिरावट महसूस करने पर मेडिकल टीम को बुलाया गया और तत्परता से उन्हें IGMC ले जाया गया। डॉक्टरों की एक टीम उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Follow : Google News Icon  
Breaking: Congress Leader Sonia Gandhi Hospitalised In Shimla
BREAKING: छुट्टियां मनाने शिमला आईं कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की बिगड़ी तबीयत, IGMC अस्पताल में भर्ती | Image: X

Sonia Gandhi News: छुट्टियों के लिए शिमला आईं कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की तबीयत अचानक खराब हो गई। जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर उन्हें तबीयत बिगड़ने के चलते शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (IGMC) में भर्ती करवाया गया। सोनिया गांधी इन दिनों शिमला के पास छराबड़ा स्थित प्रियंका गांधी वाड्रा के नव-निर्मित रिजॉर्ट में कुछ दिन शांति से बिताने आई थीं। लेकिन शनिवार को अचानक स्वास्थ्य में गिरावट महसूस करने पर मेडिकल टीम को बुलाया गया और तत्परता से उन्हें IGMC ले जाया गया। डॉक्टरों की एक टीम उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। अस्पताल प्रशासन की ओर से अब तक कोई विस्तृत मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार, उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

गौरतलब है कि सोनिया गांधी अक्सर गर्मियों में शिमला आती रही हैं, लेकिन इस बार की यात्रा उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता का कारण बन गई है। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी बीते रविवार को छुट्टियां मनाने शिमला पहुंची थीं और शिमला से करीब 12 किलोमीटर दूर छराबड़ा स्थित अपनी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा के घर में ठहरी हुई थीं। हालांकि शनिवार को उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत चिकित्सकीय जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनका एमआरआई सहित कई अन्य जरूरी टेस्ट किए हैं। फिलहाल सोनिया गांधी की स्थिति को लेकर आधिकारिक बयान का इंतजार है, लेकिन चिकित्सकों की टीम उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

दौरा छोड़ सीएम सुक्खू लौटे शिमला

कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपना ऊना जिले का दौरा बीच में छोड़ दिया और तुरंत शिमला लौटने का निर्णय लिया। मुख्यमंत्री शाम 6:30 बजे हेलीकॉप्टर से अनाडेल हेलीपैड पहुंचेंगे, जहां से वे सीधे IGMC अस्पताल जाएंगे, जहां सोनिया गांधी को इलाज के लिए लाया गया है। मुख्यमंत्री की यह त्वरित प्रतिक्रिया घटना की गंभीरता को दर्शाती है, और पूरे घटनाक्रम पर सरकार की ओर से भी नजर रखी जा रही है।

पहले भी कई बार बिगड़ी है सोनिया गांधी की तबीयत

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी पिछले चार-पांच वर्षों से लगातार स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही हैं। उन्हें कई बार अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। वे लंबे समय से श्वसन संबंधी दिक्कतों और पोस्ट-कोविड जटिलताओं से पीड़ित रही हैं। साल 2022 में उन्हें दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में सांस लेने में तकलीफ और वायरल फीवर के कारण भर्ती किया गया था। इसके कुछ ही हफ्तों बाद कोरोना संक्रमण ने फिर उनकी तबीयत बिगाड़ दी, और जून 2022 में उन्हें दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसी वर्ष सितंबर 2022 में भी उन्हें स्वास्थ्य कारणों से एक बार फिर दिल्ली के अस्पताल में एडमिट करना पड़ा था। सोनिया गांधी की सेहत को लेकर अक्सर चिंता बनी रहती है, और हर बार उनकी तबीयत बिगड़ने की खबर के साथ ही राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो जाती है।

Advertisement

यह भी पढ़ेंः Bihar: विधानसभा चुनाव से पहले सियासी पारा हाई, बिना अनुमति अंबेडकर छात्रावास पहुंचे राहुल गांधी तो मचा बवाल, क्यों भड़के कांग्रेस नेता?
 

Published By : Ravindra Singh

पब्लिश्ड 7 June 2025 at 18:45 IST